0 नटरांजलि द्वारा संरक्षक रितु गोयल व नीलम पाल को दिया गया लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड
0 गीत संगीत कला किसी भी संस्कृति का प्राण होती है- अलका सिंह
ताज रंग महोत्सव 2017 सदैव याद रहेगा। यह महोत्सव आगरा में कई रंग छोड़ गया। चार दिन तक आगरा में कलासाधकों का लघु भारत दिखाई दिया। गीत- संगीत कला नाट्य का अद्भुत संगम रहा। नाटक के माध्यम से जीवन में नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय धरोहरों की महत्ता को समझाने का प्रयास किया गया।
संस्था की निदेशक व महोत्सव संयोजक अलका सिंह ने बताया कि गीत संगीत कला किसी भी संस्कृति का प्राण होती है। नटरांजलि थियेटर आर्टस इसी प्राण को बचाने का प्रयास कर रही है। नटरांजलि थियेटर आर्टस द्वारा आगरा में आयोजित चार दिवसीय ताज रंग महोत्सव की शानदार शुरूआत हुई भव्य यमुना आरती से। एक सुंदर आयोजन जिसमें वंशीवट बिहारी जी के मंदिर रावतपाड़ा से एक दिव्य रथ को रस्सी द्वारा नाचते झूमते हुए अपने हाथों से खींचकर आरती स्थल तक लाया गया। अनेकों सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सभी ने यमुना नदी के तट पर भव्य आरती की व यमुना मइया को साफ रखने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दूसरे व तीसरे दिन की शुरूआत शहीद स्मारक पर नुक्कड़ नाटकों की प्रतियोगिता से हुई। देश विदेश से आये कलाकारों ने अपने जानदार अभिनय से सभी का दिल जीत लिया। दोपहर बाद आगरा सूरसदन प्रेक्षाग्रह में रंगारंग कार्यक्रम की शुरूआत नृत्य प्रतियोगिताओं से हुई। अलग अलग प्रांतों से आये असंख्य कलाकारों ने अपनी अद्भुत नृत्य शैली से सदन में उपस्थित हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के तीसरे सत्र में कलाकारों द्वारा बेजोड़ अभिनय से पूर्ण नाट्य प्रस्तुति पेश की गयी। कार्यक्रम के मध्य में महोत्सव संयोजिका अलका सिंह व समिति द्वारा आगरा की 9 सशक्त महिला मंडलों को ताज नवरत्न सम्मान से व 7 पुरूष कला साधकों को ताज सप्तऋषि सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के चौथे दिन की शुरुआत शानदार रंग जुलूस से हुई जिसमें आगरा की सड़कों पर अपनी कला का प्रदर्शन करते कलाकारों का स्वागत सभी आगरावासियों ने फूल बरसा कर किया। रंग जुलूस की भव्यता अति शोभनीय थी।
शाम को सम्मान समारोह में सभी कलाकारों को उनकी क्षमता के अनुसार शील्ड, सर्टिफिकेट, मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया गया। संस्थापक अलका सिंह व सभी पदाधिकारियों ने यह सम्मान प्रकिर्या पूर्ण कर सभी को विदा किया।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते अनेको सम्मान पत्रों से प्रख्यात रंगकर्मियों को, कला साधकों को व पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। नटरांजलि द्वारा संरक्षक रितु गोयल व नीलम पाल को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड दिया गया।
0 comments:
Post a Comment