मुलायम के जन्मदिन पर बर्बाद किया जनता का पैसाः मायावती


लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती शुक्रवार को अपने 60वें दिन पर समाजवादी पार्टी तथा केंद्र सरकार पर जमकर बरसीं। लखनऊ में शुक्रवार को बसपा मुख्यालय पर केक काटने के बाद मायावती ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर खर्च को जनता के धन की बर्बादी बताया।
मायावती ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के बीते दो जन्मदिन पर जनता का धन बर्बाद किया। मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन रामपुर तथा सैफई में शाही शाही तरीके से मनाया गया। जन्मदिन पर रामपुर तथा सैफई में जिस तरह से पैसा पानी की तरह बहाया गया वह बेहद निंदनीय है। यह जन्मदिन लोहिया की विचारधारा के विरुद्ध मनाया गया। अगर डॉ. लोहिया जी जिंदा होते तो मुलायम सिंह को समाजवादी पार्टी से बाहर कर देते। सैफई महोत्सव में भी बेदर्दी से सरकारी धन बर्बाद किया जा रहा है।
इस सरकार के कार्यकाल में दलितों और पिछड़ों की अपेक्षा हो रही है। प्रदेश सरकार लोहिया के समाजवाद के विपरीत काम कर रही है। इस सरकार ने बीएसपी की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी हैं। इस सरकार के जातिगत और राजनैतिक द्वेष के चलते योजनाएं बंद की गई हैं। अभी की सपा व लोहिया के समाजवाद में तो जमीन-आसमान का अंतर है। अब तो प्रदेश की जनता को सपा से सावधान रहना होगा। इस सरकार के कार्यकाल में दलित व पिछड़ो के संत के साथ महापुरुषों के स्थलों से छेड़छाड़ की जा रही है। सही वक्त आने पर द्वेष का जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी देश के महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग कर रही है। केंद्र सरकार को भी देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर देश के गरीब तथा निर्बल लोगों के लिए कोई योजना शुरू करनी चाहिए थी। बाबा साहब का नाम राजनैतिक हथकंडों में इस्तेमाल किया गया। भाजपा दलित वोटों को लुभाने की कोशिश में है। हमने कांशीराम के बताए रास्ते का अनुसरण किया है। पार्टी के कार्यकर्ता मेरा जन्मदिन हमेशा जनकल्याणकारी दिवस के रूप में ही मनाते हैं।
पार्टी कार्यालय में काटा केक
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज लखनऊ में बसपा मुख्यालय पर दिन में 12 बजे केक काटकर अपना 60वां जन्मदिन मनाया। जनकल्याणकारी दिवस के रूप में यह जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जिला केंद्रों पर जनसभाएं होगी जिनमें मायावती का भाषण टीवी स्क्रीन पर लाइव प्रसारित किया जाएगा और गरीबों व असहायों की सहायता प्रदान की जाएगी। बसपा मुखिया मायावती स्वलिखित ब्ल्यू बुक के 11 वें हिंदी व अंग्रेजी संस्करण का विमोचन भी किया। आज लखनऊ में लाखों की संख्या में उनके प्रशंसक मौजूद हैं।

CONVERSATION

0 comments:

Post a Comment