सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने पहुंचीं राधे मां, कड़ी सुरक्षा में होगी पूछताछ

मुंबई. खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां पुलिस पूछताछ के लिए मुंबई के कांदीवाली थाने पहुंच गई हैं। वे अपने साथ सैकड़ों समर्थक लेकर वहां गई हैं। इस वजह से मुंबई पुलिस उनसे कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राधे मां को पुलिस के 9 सवालों के जवाब देने पड़ सकते हैं। उन पर मुंबई की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वाले राधे मां के कहने पर उसे टॉर्चर करते हैं। मुंबई पुलिस ने राधे मां के नाम समन जारी किए थे।



राधे मां से ये सवाल पूछ सकती है मुंबई पुलिस


- क्या आप अपने खिलाफ केस दर्ज कराने वाले को पहचानती हैं?
- केस दर्ज कराने वाले के साथ आपका क्या संबंध है?
- शिकायत करने वाली महिला के साथ आपका क्या रिश्ता है?
- आप उस महिला और परिवार से कब मिलीं और क्या बात हुई?
- क्या आपने अब तक शिकायत करने वाली महिला से बात की है?
- क्या आपने उस महिला पर दहेज के लिए दवाब बनाया था?
- क्या महिला और उसके पति के साथ आपका कोई झगड़ा है?
- अगर आप बेकसूर हैं तो महिला ने दहेज प्रताड़ना का केस क्यों दर्ज कराया है?
- क्या आपने महिला के ससुराल वालों से दहेज के लिए कोई बात की थी?



नहीं मिली है एंटीसिपेटरी बेल


मुंबई की एक वकील फाल्‍गुनी ब्रह्मभट्ट ने बॉम्‍बे हाईकोर्ट में अर्जी देकर मांग की है कि राधे मां के खिलाफ एफआईआर करने की इजाजत दी जाए। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस राधे मां के खिलाफ एक्‍शन नहीं ले रही है। इस मामले में राधे मां सेशंस कोर्ट में एंटीसिपेटरी बेल के लिए गई थीं। लेकिन, गुरुवार को अर्जी खारिज हो गई। राधे मां की स्कर्ट पहनी तस्वीरें सामने आने के बाद वकील फाल्गुनी ने उनके खिलाफ अश्लीलता फैलाने की शिकायत दर्ज कराई है।



कौन हैं राधे मां?



राधे मां पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक सिख परिवार में जन्मी हैं। राधे मां बनने से पहले उनका नाम सुखविंदर कौर था। उनकी शादी पंजाब के ही रहने वाले बिजनेसमैन सरदार मोहन सिंह से हुई। शादी के बाद एक महंत से राधे मां की मुलाक़ात हुई। इसके बाद ही उन्होंने अध्यात्मिक जीवन अपना लिया। कुछ समय बाद वह मुंबई आ गईं और राधे मां के नाम से मशहूर हो गईं।


राधे मां के खिलाफ यह है शिकायत6


1. राधे मां पर एक महिला को उसके पति और ससुरालवालों से दहेज के लिए प्रताड़ित करवाने का आरोप लगाया था। मुंबई की बोरीवली पुलिस इस मामले में राधे मां समेत 7 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर चुकी है। शिकायत करने वाली महिला का आरोप है कि शादी के वक्त उसके पेरेंट्स ने करोड़ों रुपए की ज्वैलरी दी थी। लेकिन राधे मां ने उसके सास-ससुर से कहा कि वह उस पर और दहेज लाने का दबाव डाले। इसके बाद उसे प्रताड़ित किया गया।



2. मुंबई के कांदीवली पुलिस स्टेशन में एक और शिकायत आई है। राधे मां और उनके सहयोगियों पर गुजरात के कच्छ के सात किसानों के परिवार से 1.5 करोड़ रुपए लेने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, जब परिवार को यह पता चला कि उन्हें पैसे वापस नहीं मिलने वाले तो चार सदस्यों ने सुसाइड कर लिया। शिकायत धर्मरक्षक महामंच के प्रेसिडेंट रमेश जोशी ने की है।



राधे मां को लेकर और क्या हुए हैं दावे?


1. खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां के एक करीबी रिश्‍तेदार जगतार सिंह ने उन पर मर्डर में शामिल होने का आरोप लगाया है। जगतार राधे मां की भाभी बलविंदर कौर के भाई हैं। बलविंदर की साल 2002 में संदिग्‍ध हालत में मौत हो गई थी। इस मामले में राधे मां के दो भाइयों और पिता को 2004 में सेशंस कोर्ट ने दस-दस साल की सजा सुनाई थी। हालांकि, पुलिस ने भी इस केस में राधे मां को आरोपी नहीं बनाया था।


2. एक्ट्रेस डॉली बिंद्रा को फ़ोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बारे में डॉली ने मुंबई के मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने राधे मां से अपनी फैमिली को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। कभी राधे मां की भक्त रही डॉली के मुताबिक, उन्हें बीते कुछ दिनों से अननोन नंबर से धमकी भरे फ़ोन और मैसेज आ रहे हैं।


3. हिमाचल के कांगड़ा-चंबा जिले की सीमा पर बने हटली के श्रीराम मंदिर के महंत दास का दावा है कि राधे मां का असली नाम 'बबू देवा' है। उन्होंने राधे मां को अपने गुरु रामाधीन दास परमहंस की मौत का जिम्मेदार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राधे मां उनके गुरु के आश्रम की प्रॉपर्टी हड़पना चाहती हैं।

CONVERSATION

0 comments:

Post a Comment