जीएसटी बिल पास कराने के लिए राज्यसभा में है पर्याप्त संख्याबल: प्रकाश जावड़ेकर

संसद का मानसून सत्र विपक्षियों के हंगामे की भेंट चढ़ चुका है और जीएसटी बिल पास नहीं हो पाया है। शुक्रवार को राजधानी पहुंचे भाजपा के केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संकेत दिए कि जीएसटी के लिए सरकार विशेष सदन भी बुला सकती है और बिल को पास कराने के लिए सरकार के पास राज्यसभा में पर्याप्त संख्याबल है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सदन चलने नहीं देना चाहती है। वह देश की तरक्की नहीं देख सकती है। सदन में जीएसटी बिल पास होकर रहेगा। कांग्रेस देश की तरक्की नहीं रोक सकती है।


प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस अभी तक लोकसभा चुनाव में हुई हार को भुला नहीं सकी है। इसके बाद राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस की लगातार हार हो रही है। इससे वह उबर नहीं पाई है। इसलिए सदन में गतिरोध पैदा कर रही है। केंद्र में जब तक सत्ता में परिवर्तन हुआ है, तब तक कांग्रेस ने सदन नहीं चलने दिया।


प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को गरीब जनता ने बनाया है। उन्होंने जनता के दिलों में जगह बनाई है। ऐसे में कांग्रेस यह जान गई है कि उनका वनवास अब 15 साल से पहले खत्म होने वाला नहीं है। इसी वजह से कांग्रेस अब छटपटा रही है।

देश की जनता को कांग्रेस के खिलाफ उतरना होगा
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेश देश का भला नहीं चाहती है। यह बात जनता जान गई है। यदि जनता को लगता है कि सदन चलनी चाहिए तो वे अपील करते हैं कि जनता कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतरे। कांग्रेस हर सत्र को बाधित नहीं कर पाएगी। जनता का गुस्सा लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त होगा।

यादव सिंह की होगी सीबीआई जांच
गुरुवार को यादव सिंह पर अरुण जेटली के बयान के विपरीत प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि यादव सिंह को अरुण जेटली ने कोई क्लीन चिट नहीं दी है। यादव सिंह के खिलाफ सीबीआई जांच होगी और पूरी निष्पक्ष जांच होगी।

CONVERSATION

0 comments:

Post a Comment